सिडकुल में 2004 की भर्ती से जुड़ी फाइल और दस्तावेज गायब

Spread the love

देहरादून। राज्य अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास निगम (सिडकुल) के आईटी पार्क स्थित मुख्यालय से वर्ष 2004 की भर्ती और संविदा नियुक्तियों से जुड़ी फाइल रहस्यमय ढंग से गायब हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि भर्ती दस्तावेजों में हुई किसी बड़ी गड़बड़ी को छिपाने के मकसद से इस फाइल को जानबूझकर गायब किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल प्रबंधन की ओर से राजपुर थाने में केस दर्ज करा दिया गया है। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि सिडकुल मुख्यालय में तैनात एचआर प्रबंधक करन सिंह नेगी ने तहरीर दी। बताया कि उनकी टीम बीते आठ मई को विभाग में वर्ष 2004 में हुई कुछ अहम नियुक्तियों के दस्तावेज खंगाल रही थी। इसी दौरान सहायक प्रबंधक, प्रबंधक (लेखा) और सहायक प्रबंधक (एचआर) के पदों पर हुई संविदा और नियमित भर्ती की मुख्य फाइल निगम के रिकार्ड से गायब मिली। कार्यालय में काफी खोजबीन की गई। इसका कुछ पता नहीं लगा। एचआर मैनेजर ने अपनी तहरीर में अंदेशा जताया कि किसी ने इस अहम पत्रावली को जानबूझकर नष्ट किया गया है या खुर्द-बुर्द कर दिया गया है। एसओ भट्ट ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
22 साल पुरानी भर्ती की है फाइल: 22 साल पुरानी इस भर्ती फाइल का अचानक गायब होना एक बेहद गंभीर मामला है। माना जा रहा है कि वर्ष 2004 की इन नियुक्तियों के दस्तावेजों में कोई बड़ी हेराफेरी रही होगी, जिस पर पर्दा डालने के लिए ही इस आपराधिक कृत्य को अंजाम दिया गया है। बुधवार को केस दर्ज होने के बाद पुलिस अब इसकी तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *