जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के वार्ड नंबर 37 पश्चिमी झंडीचौड़ में गुरुवार शाम आए तेज तूफान ने भारी तबाही मचाई। तूफान की चपेट में आकर घास-फूस से बनी पांच झोपड़ियां पूरी तरह धराशायी हो गईं, जिससे कई परिवार बेघर हो गए।
वार्ड पार्षद सुखपाल शाह ने बताया कि अचानक आए तेज आंधी-तूफान से झोपड़ियां उड़ गईं और उनमें रखा राशन व घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। हालात ऐसे बने कि प्रभावित परिवारों को पूरी रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर पट्टी पटवारी दिनेश डोबरियाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का निरीक्षण किया। प्रभावित परिवारों में महेश्वरी देवी, सतेश्वरी देवी, विजय सिंह, रज्जू देवी, लक्ष्मी देवी और सुमित्रा देवी शामिल हैं। बताया गया कि इन परिवारों ने पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था और उन्हें पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये भी प्राप्त हुए थे, लेकिन शेष 1.80 लाख रूपये की राशि अब तक नहीं मिल सकी। इसके चलते ये परिवार मजबूरी में कच्ची झोपड़ियों में रहने को विवश थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए तथा आवास योजना की शेष राशि जल्द जारी कर उन्हें स्थायी छत उपलब्ध कराई जाए।