जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी का पारा चढ़ने के साथ जंगलों ने भी आग पकड़नी शुरु कर दिया है। सुरखेत के जंगलों में लगी आग विद्यालय के आसपास तक पहुंच गई। आग के कारण कई हेक्टेयर में फैली वन संपदा जलकर खाक हो गई। वहीं, कोटद्वार की सीमा पर स्थित बिजनौर वन प्रभाग क्षेत्र के जंगलों में भी आग लग रही है। दरअसल, कई लोग अपने घरों का कूड़ा भी जंगल में फेंक देते हैं। यह भी आग लगने का एक मुख्य कारण है।
सुरखेत में चीड़ के जंगलों में लगी आग विद्यालय भवन के आसपास तक पहुंच गई थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, तल्ला मोटाढाक से सटे बिजनौर वन प्रभाग के जंगल में आग भड़क गई। दरअसल, सुखरो पुल से तल्ला मोटाढाक के मध्य सड़क किनारे आमजन बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र में कूड़ा डालते हैं। माना जा रहा है कि इसी कूड़े में लगी आग जंगल की ओर फैली होगी व पूरा जंगल आग की चपेट में आ गया। तेज हवाओं ने इस आग में घी का काम किया और देखते ही देखते जंगल का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग के कारण पूरे क्षेत्र में चारों ओर धुंध छाई हुई थी। धुएं के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि गर्मी का पारा चढ़ने के साथ ही आए दिन जंगल धधक रहे हैं। आग के कारण शिवराजपुर, जीवानंदपुर सहित आसपास के घरों में रहने वाले परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।