विद्यार्थियों को दी उनके अधिकारों की जानकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आदर्श विद्या निकेतन के हल्दूखाता में चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला बाल कल्याण समिति की ओर से जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में वक्ताओं ने बाल विवाह, बच्चों के अधिकार, पॉक्सो अधिनियम-2012, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर सुरक्षा और शिक्षा के महत्व पर जानकारी दी। बच्चों को सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य कपिल रतूड़ी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। अधिवक्ता मयंक थपलियाल ने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। जिला बाल संरक्षण इकाई के सूरज कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की, जबकि शकुंतला नयाल ने संकट की स्थिति में 1098 हेल्पलाइन से सहायता लेने की प्रक्रिया बताई। इस दौरान नवीन सकलानी ने साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जानकारी दी। वहीं दीपक पांडे ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना कुकरेती ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए विद्यार्थियों से जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *