हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने पर हरिद्वार लौटी सऊदी अरब की एक महिला पर्यटक के होटल के कमरे का दरवाजा नहीं खुलने से शुक्रवार सुबह हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एलआईयू और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। बाद में महिला को सुरक्षित पाया गया। पुलिस के अनुसार महिला को मिर्गी का दौरा पड़ा था और अब उसकी हालत सामान्य है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस के मुताबिक 37 वर्षीय अलबीश नादा खालिद निवासी सऊदी अरब अपने पांच अन्य साथियों के साथ हरिद्वार आई थी। विदेशी पर्यटकों का यह दल 23 मई को होटल ली ग्रेस में ठहरा था और अगले दिन चारधाम यात्रा के लिए रवाना हो गया था। बताया गया कि महिला ने दो धाम की यात्रा पूरी कर ली थी, लेकिन यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने और बीपी लो होने की शिकायत पर वह अकेले हरिद्वार लौट आई थी। होटल प्रबंधन के अनुसार महिला को 28 मई को डॉक्टर को भी दिखाया गया था। शुक्रवार सुबह जब महिला ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो होटल ली ग्रेस के लीजर अखिलेश चौहान ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एलआईयू की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि विदेशी महिला को मिर्गी का दौरा पड़ा था। फिलहाल उसकी हालत सामान्य है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।