ऋषिकेश, चारधाम यात्रा में इस बार प्रवासी भारतीयों के साथ विदेशी नागरिकों की भी गहरी आस्था देखने को मिल रही है। पवित्र चारधाम दर्शन के लिए अब तक 18 हजार से अधिक विदेशी और प्रवासी भारतीय पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें से अधिकांश श्रद्धालु यात्रा पूरी कर अपने देशों को लौट भी चुके हैं। चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण छह मार्च से जारी है, जबकि 17 अप्रैल से हरिद्वार और देहरादून में ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू की गई। अब तक ऑनलाइन माध्यम से 30 लाख 83 हजार 764 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि ऑफलाइन काउंटरों पर दो लाख 31 हजार 50 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। विशेष बात यह है कि नेपाल, अमेरिका, इंडोनेशिया, सऊदी अरब, तुर्किये, थाईलैंड, तंजानिया, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और रूस समेत 95 देशों के 18 हजार 865 प्रवासी भारतीयों और विदेशी नागरिकों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें सबसे अधिक श्रद्धालु नेपाल और उसके बाद अमेरिका से पहुंचे हैं। चारधाम यात्रा में देश-विदेश से उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रही है।