विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय इंटर कॉलेज मठाली में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित था। इस दौरान कार्यशाला में बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
आधारशिला संस्था की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य नरेश चन्द्र जोशी ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आईआईटी रुड़की के भू-विज्ञान विभाग के प्रो. डॉ. आशुतोष चमोली उपस्थित रहे। सेमिनार में डा. चमोली ने विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जिज्ञासु, नवाचारी एवं शोधपरक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर आधारशिला संस्थान के संस्थापक एवं अध्यक्ष नरेश चन्द्र घिल्डियाल ने मेधावी विद्यार्थियों व मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति में चयनित छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय को आठ कंप्यूटर देने की भी घोषणा की। कहा कि बच्चों को जीवन में लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना चाहिए। इस मौके पर भौतिक विज्ञान प्रवक्ता वंदना नेगी, डा. नवीन बड़थ्वाल, दीपक बहुगुणा, विनोद कुमार रावत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक जदली ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *