जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में गैस बुकिंग के नाम पर हो रही लापरवाही पर उत्तराखंड क्रांति दल ने रोष व्यक्त किया है। दल ने शहर में आक्रोश रैली निकालते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने झंडाचौक से तहसील तक आक्रोश रैली निकाली। इसके बाद उन्होंने प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में खाड़ी देशों में हो रहे युद्ध के कारण गैस के लिए वैश्विक संकट है। लेकिन, कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के लिए गैस वितरण के लिए दो मानक बना दिए गए हैं। एक ही शहर को शहर व ग्रामीण क्षेत्र में बांट दिया गया है। गैस बुकिंग के लिए शहरी क्षेत्र में 25 दिन व ग्रामीण क्षेत्र के लिए 45 दिन किया गया है, जबकि एक सामान्य परिवार में गैस सिलेंडर लगभग 25 दिन में ही समाप्त हो जाता है। सरकार की तरफ से ग्रामीण क्षेत्र के लिए खाना बनाने के लिए दूसरा विकल्प भी नहीं दिया गया है। इन परिस्थितियों में सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। मांग की गई कि पूरे शहर में 25 दिनों के अंतराल में ही गैस आवंटन की व्यवस्था की जाए। इस मौके पर डा. शक्तिशैल कपरवाण, नरेश धस्माना, महेंद्र सिंह रावत, देवेंद्र रावत, भारत मोहन काला, संदीप पंवार, हयात सिंह गुसांई, भ्गवती प्रसाद कंडवाल, दिनेश जुयाल, मोहन सिंह नेगी, गुलाब सिंह मौजूद रहे।