पूर्व सैनिकों के लिए नि:शुल्क कैंसर जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पूर्व सैनिकों के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, गढ़वाल क्षेत्र के पूर्व सैनिकों के लिए एक विशेष नि:शुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर मैरेंगो एशिया हॉस्पिटल्स, गुरुग्राम और ईसीएचएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
इस शिविर का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात कैंसर विशेषज्ञ, ब्रिगेडियर (डॉ.) ए. के. धर, वीएसएम द्वारा किया जा रहा है, जो क्षेत्र के अनुभवी सैनिकों को विशेषज्ञ परामर्श प्रदान कर रहे हैं। कोटद्वार ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में शिविर का सफल समापन शनिवार को ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, कोटद्वार में शिविर का पहला चरण सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में 10 कैंसर रोगियों की जांच की गई और उन्हें भविष्य के उपचार के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान ईसीएचएस के समस्त स्टाफ को कैंसर की शुरुआती पहचान, स्क्रीनिंग और मरीजों को सही समय पर रेफर करने की प्रक्रियाओं के प्रति संवेदनशील और प्रशिक्षित किया गया। कैंसर के खिलाफ लड़ाई में शुरुआती पहचान ही सबसे प्रभावी हथियार है। मैरेंगो एशिया हॉस्पिटल्स और जीआरआरसी के इस साझा प्रयास का उद्देश्य गढ़वाल के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले हमारे वीरों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस शिविर के माध्यम से पूर्व सैनिकों को न केवल परामर्श मिलेगा, बल्कि आगे के प्रबंधन के लिए एक स्पष्ट दिशा भी प्रदान की जाएगी।

रविवार को लैंसडौन में लगेगा शिविर
यह अभियान रविवार को लैंसडौन में जारी रहेगा। सभी पूर्व सैनिक (चाहे वे पुराने मरीज हों या जिनमें कैंसर के लक्षण संदिग्ध हों) इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं। शिविर में मिलिट्री हॉस्पिटल लैंसडौन में लगेगा। प्रात: 10 बजे कैंसर जागरूकता व्याख्यान (कैंसर से बचाव और शीघ्र पहचान पर जानकारी, पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 02 बजे तक ओपीडी परामर्श और विशेषज्ञों द्वारा जांच की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *