नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने को पोस्टकार्ड अभियान

Spread the love

रुद्रपुर। गदरपुर में महिला कांग्रेस ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को पोस्टकार्ड अभियान चलाया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने किया। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड लिखकर अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग उठाई। कार्यक्रम की शुरुआत शिल्पी अरोड़ा के कार्यालय से हुई, जहां से कार्यकर्ता जुलूस के रूप में डाकघर पहुंचे और ‘आज करो, अभी करो’ के नारे लगाते हुए पोस्टकार्ड भेजे। इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी और काशीपुर महानगर अध्यक्ष अल्का पाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि संसद से पारित होने के बावजूद अधिनियम अब तक लागू नहीं हुआ है, जबकि इसमें लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर केवल घोषणाएं हो रही हैं, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया जा रहा। नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी और अल्का पाल ने भी अधिनियम लागू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *