नई दिल्ली , पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार जनता की जेब पर लगातार बोझ डाल रही है और महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, महंगाई वाले मोदी ने फिर हमला किया। वे पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं ताकि आपकी जेब से चुपचाप पैसे निकलते रहें। उन्होंने दावा किया कि वह पिछले कई महीनों से देश में आने वाले आर्थिक तूफान को लेकर चेतावनी देते रहे हैं, लेकिन सरकार चुनावी राजनीति में व्यस्त रही। राहुल गांधी ने कहा, मोदी जी हमेशा की तरह चुनावों में व्यस्त थे और जैसे ही चुनाव खत्म हुए, पेट्रोल-डीजल पर ?8 की बढ़ोतरी कर दी गई।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि यह बढ़ोतरी आगे भी जारी रह सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल देती है।
राहुल गांधी ने कहा, महंगाई वाले मोदी का बस यही काम है—चुनाव के दौरान वादे और बाकी समय जनता की जेब पर हमला।