जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में चल रहे रोवर्स रेंजर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन बुधवार के प्रथम सत्र में जिला आयुक्त शांति रतूड़ी द्वारा रोवर्स व रेंजर्स को बेडन पावेल के छ: व्यायाम करवाये गये। साथ ही विभिन्न प्रकार के स्ट्रेचर निर्माण सहित विभिन्न प्रकार की गांठों की जानकारी दी गयी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में रोवर्स रेंजर्स अहम भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर प्रशिक्षक रूप चंद्र लखेड़ा द्वारा रोवर्स व रेंजर्स को मेंटल और फिजिकल बैलेस के लिए ताड़ासन, वृक्षासन, गरुड़ासन, मंडूकासन व ब्रजआसन आदि का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान रोबर्स रेंजर्स को वर्तमान समय में बिगनर्स कोर्स की भूमिका से भी अवगत कराया गया। इस मौके पर प्रशिक्षकों ने कहा कि शिविर से प्राप्त अनुभवों को जीवन में उतारने पर ही उसकी वास्तविक सफलता निर्भर करती है। सेवा, समर्पण और त्याग की भावना से परोपकार के कार्य करने पर ही शिविर का उद्देश्य सार्थक होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविर युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए आयोजित किए जाते हैं। रोवर्स-रेंजर्स युवाओं में सेवा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेंजर्स प्रभारी डा. सुषमा भट्ट, रोवर्स प्रभारी डा. जुनिश कुमार, डा. भगवत सिंह रावत, डा. सुरभि मिश्रा, डा. सुनीता नौटियाल, अरविन्द दुदपुड़ी आदि मौजूद रहे।