जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अनुसूचित जाति एवं जनजाति शिक्षक एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर 23 जून को सचिवालय घेराव करने की घोषणा की है। संगठन ने इरशाद हुसैन की रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने सहित कई मुद्दों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोहन लाल ने बताया कि संगठन अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलनरत है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से अनुसूचित जाति एवं जनजाति के शिक्षकों की पदोन्नति पर रोक लगी हुई है, जिसके चलते उच्च पदों पर इन वर्गों का प्रतिनिधित्व लगातार कम होता जा रहा है। यह स्थिति सामाजिक न्याय और संविधान की भावना के विपरीत है। डॉ. सोहन लाल ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से 23 जून के सचिवालय घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।