जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग ने सिम्मलचौड़ में टीबी स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में 73 लोगों के टीबी एक्स-रे किए गए, जबकि ग्रामीणों को बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर में सुबह से ही लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। सीएचओ प्रियंका ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी की समय पर पहचान और नियमित उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मरीजों को नि:शुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श, दवाएं और पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में लगातार स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के 762 लक्षित गांवों में से अब तक 478 गांवों में शिविर लगाए जा चुके हैं और अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और उपचार को बीच में न छोड़ने की अपील की। शिविर में एसटीएस राकेश रावत, एक्स-रे तकनीशियन रमेश कुमार, आशा कार्यकर्ता आशा देवी, ललिता, तानिया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।