शिक्षकों ने किया टीईटी अनिवार्यता के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद के राजकीय जूनियर हाईस्कूलों में तैनात शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों के लिए चरणबद्ध आंदोलन का शुरू कर दिया है। पांच चरणों में प्रस्तावित इस आंदोलन के पहले चरण में शिक्षक काला फीता बांधकर शिक्षण कार्य कर रहे हैं। यह चरण 10 मई तक जारी रहेगा। आंदोलन के अगले चरणों में 12 मई से ब्लॉक स्तर पर धरना, 18 मई को जिला मुख्यालयों पर हुंकार रैली, 29 मई को निदेशालय में एक दिवसीय धरना और आठ जून को देहरादून में गर्जना रैली आयोजित की जाएगी।
शिक्षक लंबे समय से 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता से मुक्त रखने समेत 13 सूत्री मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में शनिवार को जिलेभर के स्कूलों में शिक्षकों ने काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराया। राजकीय जूनियर हाईस्कूल (पूमा) शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भगत सिंह भंडारी और जिला महामंत्री भोपाल सिंह रावत ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत प्रारंभिक शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों के लिए सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। इस आदेश के अनुपालन के लिए दो वर्ष की समय सीमा निर्धारित है, जिससे प्रदेश के लगभग 15 हजार शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। कहा कि 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए विभागीय परीक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *