मंच ने उठाई समस्याएं, जल्द निराकरण की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की विभिन्न समस्याओं पर नागरिक मंच ने नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम समस्याओं को लेकर लापरवाह बना हुआ है। बैठक में अतिक्रमण, अवैध खनन, सीवर व्यवस्था, ट्रेचिंग ग्राउंड और वन्यजीवों के बढ़ते आतंक जैसे मुद्दों पर प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
व्यापार भवन सभागार में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा राजस्व और वन क्षेत्रों में अवैध खनन की गतिविधियां भी जारी हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। बैठक में शहर में सीवर लाइन और ट्रेचिंग ग्राउंड की स्थायी व्यवस्था न होने पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती आबादी के कारण पुरानी सीवर लाइनें बार-बार चोक हो रही हैं, जिससे भविष्य में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस दिशा में शासन-प्रशासन को जल्द प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। वन्यजीवों के बढ़ते आतंक पर भी चर्चा हुई। मंच के सदस्यों ने कहा कि बंदरों और आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे शहरवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। बैठक में फेरी लगाने वाले व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा ऑनलाइन टेंडर प्रणाली को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर की समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त और अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा। बैठक में चंद्र प्रकाश नैथानी, अतुल भट्ट, राजेंद्र पंत, चिंतामणि देवलियाल, शंकर दत्त गौड़, सुनील कोटनाला, हर्षवर्धन ध्यानी, दिनेश जुयाल, सुरेश मधवाल, प्रवेश नवानी, विजय माहेश्वरी और सत्य नारायण नौटियाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *