कार की टक्कर से स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत

Spread the love

रुद्रपुर। पंतनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन से करीब दो किमी. पहले एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। कार काफी दूर तक स्कूटी को घसीटती ले गई। हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया है। उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय अनिकेत कश्यप पुत्र राजेन्द्र कश्यप निवासी महुआखेड़ा, मजरा जसपुर, 22 वर्षीय रोहन कश्यप पुत्र कमल कश्यप निवासी बगाड़ी कोतवाली रुड़की जिला हरिद्वार, 26 वर्षीय आकाश कश्यप पुत्र गंगाराम कश्यप निवासी मिलन विहार, सिविल लाइंस रामपुर यूपी अपने एक साथी की स्कूटी से रविवार देर रात करीब 12 बजे हल्द्वानी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक हल्द्वानी में एक बारात में शामिल होकर लौटे थे और मोबाइल वहां छूट जाने के कारण इसे लेने हल्द्वानी जा रहे थे। संजय वन से लगभग 2 किलोमीटर पहले हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने उनकी स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार स्कूटी को घसीटती हुई करीब सौ मीटर तक ले गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों स्कूटी सवार घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। तीनों युवक आपस में दोस्त थे और निजी कंपनियों में कार्यरत थे। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया है। एसओ पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पंतनगर थाना क्षेत्र में हुए हादसे में स्कॉर्पियो कार की टक्कर से स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हुई है। कार चालक को हिरासत में लिया गया है। उसका मेडिकल कराया गया है। मेडिकल में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। -अजय गणपति, एसएसपी ऊधमसिंह नगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *