जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार/सतपुली : कुंज नवयुवती ट्रस्ट, सतपुली द्वारा रामलीला मैदान में पूर्व छात्र मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की 263 दिशा ध्याणी बेटियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों एवं समाज में योगदान का अभिनंदन किया गया।
समारोह का शुभारंभ नगर पंचायत सतपुली के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, पूर्व जिला सहकारी बैंक निदेशक नरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंथुरा तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोकगायक गजेंद्र राणा, मंगलेश डंगवाल एवं विवेक नौटियाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन समिति द्वारा क्षेत्र की बेटियों, जिन्हें स्थानीय परंपरा में “दिशा ध्याणी” कहा जाता है, का विशेष सम्मान किया गया। कुल 263 दिशा ध्याणी बेटियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का संचालन मीनू डंगवाल एवं नीलम चौहान ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य उमेद सिंह रावत ने की। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व प्रधान जगदम्बा प्रसाद डंगवाल ने विभिन्न राज्यों से आई दिशा ध्याणी बेटियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से आयोजन को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन सत्यनारायण वेदी ने किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य आंचला नंद डोबरियाल, लोकेश वर्मा, हरि सिंह, प्रिंस भट्ट, संजय कुकरेती, सौरभ बिष्ट, मनीष रौथेला, पुष्पा असवाल, रेनू घिल्डियाल एवं बॉबी खंतवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण पूर्व छात्रा मेनका रावत की 15 वर्षीय पुत्री काशवी रावत रहीं। पंजाब में निवास करने के बावजूद काशवी ने गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर पूरा पंडाल झूम उठा और उपस्थित पूर्व छात्र-छात्राओं ने उनके साथ यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं।