भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए खर्कवाल का हुआ स्वागत, बोले कांग्रेस को करेंगे मजबूत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गोविंद नगर स्थित एक बारातघर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए भुवनेश खर्कवाल और उनके समर्थकों का पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नए साथियों के कांग्रेस से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ पार्टी को मिलेगा।


कांग्रेस में शामिल हुए भुवनेश खर्कवाल ने भाजपा की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा धर्म की राजनीति करती है, जबकि विकास के नाम पर केवल जुमलेबाजी की जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। खर्कवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं में वृद्धि हुई है। महिला सशक्तीकरण की बात करने वाली सरकार में अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी को राम और स्वयं को लक्ष्मण बताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ कार्य कर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की ओर से कराए गए विकास कार्यों की भी सराहना की। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उन्होंने कभी राजनीति को प्राथमिकता नहीं दी, बल्कि जनसेवक के रूप में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जनता को कभी जुमलेबाजी और झूठे सपने नहीं दिखाए और आगे भी जनसेवक के रूप में क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे। सम्मेलन में महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, संजय मित्तल, विजय नारायण सिंह, डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, विजय रावत, सुनील सेमवाल, बृजपाल सिंह नेगी और राकेश शर्मा सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *