जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में छात्र संघ चुनाव 2026-27 की नामांकन प्रक्रिया के अंतर्गत गुरूवार को तीन छात्र-छात्राओं ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने नामांकन पत्र जमा किए। इससे पूर्व 23 सितंबर को विभिन्न पदों के लिए कुल चार नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। छात्र संघ चुनाव को लेकर महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं में उत्साह बना हुआ है। महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की है।

महाविद्यालय द्वारा जारी नामांकन प्रपत्र बिक्री सूचना के अनुसार 23 सितंबर को अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों के लिए कुल चार नामांकन प्रपत्र क्रय किए गए थे। इनमें से गुरूवार को तीन प्रत्याशियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक अभिलेखों के साथ अपने नामांकन पत्र जमा किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर (रसायन विज्ञान) की छात्रा कुमकुम रावत, सचिव पद के लिए बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र मो. अरमान तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अमिता ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं उपाध्यक्ष, सह-सचिव एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। महाविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा नामांकन पत्रों की जांच एवं निर्धारित चुनाव नियमों के अनुसार आगे की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। 26 सितंबर को नामांकित प्रत्याशियों की सूची जारी किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित है।