उद्योगों की जरूरतों के अनुसार होगा शोध, पंतनगर विवि की नई पहल

Spread the love

रुद्रपुर। पंत विवि ने उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में अहम पहल करते हुए सिडकुल, रुद्रपुर में ‘इंडस्ट्री-एकेडेमिया मीट’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में करीब 50 उद्योगों के प्लांट हेड और एचआर हेड शामिल हुए। शुक्रवार को विवि के कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने कहा कि विवि अब उद्योगों, सरकार और किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप शोध कार्यों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के शोध विषयों को व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ा जाएगा। इससे शोध का सीधा लाभ समाज और उद्योगों तक पहुंचे। कुलपति ने उद्योग प्रतिनिधियों को पंतनगर परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा कि विवि का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, साथ ही विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप दक्ष बनाना है। बैठक में उद्योगों की शोध आवश्यकताओं, कौशल विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान आगामी ग्रीष्मावकाश में लगभग 200 विद्यार्थियों के लिए समर इंटर्नशिप योजना तैयार करने पर भी सहमति बनी। उद्योग प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग बढ़ाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में “एकेडमिक सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी” के तहत स्थानीय वनवासी कन्या छात्रावास की संचालिका वर्षा देवी को सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयासों को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *